पीएम मोदी को गाली देने वालों को सम्राट चौधरी की चेतावनी, ‘सत्ता में आए तो मां-बहनों को भी देंगे गालियां’

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले, वैशाली के महुआ में तेजस्वी यादव की रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल करने के मामले ने बिहार की राजनीति में उबाल ला दिया है। इस घटना को लेकर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजद और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।

पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने आरोप लगाया कि राजद और कांग्रेस, जो अभी सत्ता में नहीं हैं, उनके गुंडे प्रधानमंत्री की मां को गाली दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “अगर ये लोग सत्ता में आ गए, तो सोचिए कि किस तरह का जंगल राज दिखाएंगे और बिहार की मां-बहनों को भी गाली देने का काम करेंगे।” उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र के लिए “शर्मसार करने वाला” बताया और कहा कि महागठबंधन के लोग बिहार को कलंकित करने का काम कर रहे हैं।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

सम्राट चौधरी ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से बिहार का अपमान हो रहा है और यह बिहार की “लोकतंत्र की जननी” की छवि को खराब कर रहा है। उन्होंने लालू परिवार और कांग्रेस पार्टी से इस घटना के लिए तुरंत माफी मांगने की मांग की। उन्होंने राजद पर अपराधियों और गुंडों को जोड़कर सरकार बनाने का भी आरोप लगाया। चौधरी ने चेतावनी दी कि अगर राजद और कांग्रेस माफी नहीं मांगते हैं, तो इसका मतलब है कि वे प्रधानमंत्री की मां को गाली देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता यह सब देख रही है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी। भाजपा इस घटना के संबंध में अपने जिला अध्यक्षों के माध्यम से कार्रवाई करवाएगी।

अन्य नेताओं का भी हमला

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा, “पिछले दिनों राहुल गांधी के मंच से पीएम मोदी और उनकी मां को गाली दी गई थी और अब फिर से लालू यादव जी के युवराज तेजस्वी यादव के मंच से उन्हें गाली दी गई है।” उन्होंने कहा कि यह 1990 के दशक के “जंगलराज का संस्कार” है। गिरिराज सिंह ने इसे “बिहार और देश के करोड़ों माताओं का अपमान” बताया।

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने भी तेजस्वी यादव पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि वैशाली की धरती से तेजस्वी के गुंडों ने पीएम मोदी और उनकी मां को गाली देकर “घोर पाप” किया है। नित्यानंद राय ने कहा कि पीएम मोदी, जो एक गरीब और पिछड़े परिवार में पैदा हुए, उन्हें गाली देकर ये लोग “घोर अनर्थ” कर रहे हैं। उन्होंने तेजस्वी को ललकारते हुए कहा, “तेजस्वी कंस की तरह तुम्हारा नाश करेंगे। वोटों के वार से, जल्द ही बिहार की जनता तुम्हारा सत्यानाश करेगी।”

Share This Article