बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान की तारीख नजदीक आते ही मधुबन विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। सभी दलों के उम्मीदवार अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इस बीच, राजद प्रत्याशी संध्या रानी का जनसंपर्क अभियान लगातार जोर पकड़ रहा है। वे मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने के लिए गांव-गांव, गली-गली पहुंचकर अपनी पार्टी की नीतियों और योजनाओं को जनता तक पहुंचा रही हैं। उनकी लोकप्रियता और भूमिहार समाज का समर्थन उन्हें आगामी चुनाव में बड़ी ताकत दे रहा है।
दरअसल, संध्या रानी लगातार अपने जनसंपर्क अभियान के तहत लोगों के बीच जाकर उनका समर्थन जुटा रही हैं। इसी बीच में पकड़ीदयाल प्रखंड के बड़का गांव में भूमिहार समाज सहित अन्य ग्रामीणों ने उन्हें लड्डू से तौलकर उनका समर्थन दिया। इस अनोखे स्वागत से माहौल में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस मौके पर संध्या रानी ने कहा, “जनता का आशीर्वाद और समर्थन मधुबन विधानसभा के लिए एक नया संदेश है। लोग अब बदलाव चाहते हैं, क्योंकि उन्हें वर्षों तक एक पार्टी के नेता ने ठगा है। अब जनता परिवर्तन के लिए तैयार है।” उनका यह बयान आगामी चुनावों में राजद की मजबूत स्थिति को दर्शा रहा है।
हालांकि, संध्या रानी ने अपने समर्थकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “हर वर्ग और समाज से मिल रहा समर्थन यह साबित करता है कि इस बार मधुबन की जनता विकास और सम्मान की राजनीति चाहती है।” स्थानीय लोगों का मानना है कि बढ़ते जनाधार ने विपक्षी दलों की नींद उड़ा दी है। प्रचार के दौरान दिख रही विशाल भीड़ और उत्साह से यह स्पष्ट है कि मधुबन विधानसभा में इस बार मुकाबला दिलचस्प और कांटे का मुकाबला होने वाला है।