सिटी पोस्ट लाइव
राष्ट्रीय अध्यक्ष और लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बिहार दौरे को लेकर एक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यदि अगले पांच महीने में पांच बार बिहार आते हैं, तो भी उनकी यात्रा का कोई सकारात्मक असर नहीं होगा। बिहार में कांग्रेस अब एक ‘मरे हुए घोड़े’ की तरह हो गई है, जो अब कोई असर नहीं छोड़ सकती।
डॉ. संतोष सुमन ने यह भी कहा कि बिहार में अब तिकड़म या दुष्प्रचार की राजनीति नहीं चलेगी, बल्कि अब विकास की राजनीति पर जोर दिया जाएगा। बिहार के हर वर्ग के लोग अब विकास की वास्तविकता से जुड़ चुके हैं और उन्हें विकास का असली स्वाद मिल चुका है। कांग्रेस और उसके गठबंधन दलों के पास विकास का कोई ठोस एजेंडा नहीं है, जिससे उनकी नीति और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार की महिलाएं अब कांग्रेस-राजद के किसी झांसे में आने वाली नहीं हैं, क्योंकि दोनों दलों के घोषणा पत्रों में केवल भ्रम और बंटवारे की बातें हैं। कांग्रेस और राजद केवल जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करके वोट बैंक की राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं।इसीलिए, इंडी गठबंधन के दलों द्वारा अफवाह और भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अतिपिछड़े और दलित वर्ग को गुमराह किया जा सके।