प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बोले पूर्व केंद्रीय मंत्री, बोले- मोदी-नीतीश के नेतृत्व में चुनाव भी लड़ेंगे और जीतेंगे भी
सिटी पोस्ट लाइव
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने मंगलवार को पटना में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के दौरान तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि कार्यसमिति की बैठक बहुत उत्साहजनक है, जिसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शिरकत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा,“कार्यकर्ताओं में जोश है, और हम सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे भी और जीतेंगे भी।” उन्होंने तेजस्वी यादव के उस बयान पर भी तीखा जवाब दिया जिसमें तेजस्वी ने कहा था कि जदयू कार्यालय में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर लगने का मतलब है कि भाजपा ने जदयू पर कब्जा कर लिया है।
शाहनवाज़ ने कहा, “अगर प्रधानमंत्री का फोटो नहीं लगेगा, तो किसका लगेगा? आखिर तेजस्वी यादव को इसमें आपत्ति क्यों है? प्रधानमंत्री देश के नेता हैं, उनके नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है, और हर दल को गौरव होना चाहिए कि उनका फोटो कार्यालय में लगा है।” भाजपा नेता ने यह भी कहा कि यह कार्यसमिति केवल बैठक नहीं, बल्कि एक बड़ा संदेश है—आने वाले चुनावों के लिए तैयार रहने का। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में अडिग है।