2026 टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरणों की शुरुआत काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला पहला मुकाबला बारिश के कारण एक भी गेंद फेंके बिना रद्द हो गया। आज क्रिकेट प्रेमियों की नजरें भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच पर हैं, जो भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। लेकिन चलिए आपको बताते हैं कि अगर आज भी बारिश ने खलल डाला, तो सेमीफाइनल की रेस पर क्या असर पड़ेगा?
मैच रद्द होने पर अंकों का गणित;
अगर आज का मुकाबला बारिश या किसी तकनीकी कारण से रद्द होता है, तो दोनों टीमों (भारत और दक्षिण अफ्रीका) को 1-1 अंक दिया जाएगा। वहीं, मैच रद्द होने की स्थिति में कोई भी टीम टूर्नामेंट से बाहर नहीं होगी। दोनों के पास आगे बढ़ने के पर्याप्त मौके रहेंगे। टीम इंडिया को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए अपने अगले दो मैचों (26 फरवरी को जिम्बाब्वे और 1 मार्च को वेस्टइंडीज) में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। हालांकि, यही स्थिति दक्षिण अफ्रीका के लिए भी रहेगी।
कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम?
मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि रविवार को आसमान साफ रहने की उम्मीद है। दिन का अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 19°C के आसपास रहेगा। मैच के दौरान खिलाड़ियों को अहमदाबाद की गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन बारिश की संभावना काफी कम है।
हेड-टू-हेड: भारत का पलड़ा भारी;
आंकड़ों की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया का दबदबा साफ नजर आता है। हालिया फॉर्म के हिसाब से देखें तो 2024 से अब तक दोनों टीमें 9 बार भिड़ चुकी हैं, जिसमें से दक्षिण अफ्रीका केवल 2 बार ही जीत दर्ज कर पाया है। इतिहास और फॉर्म दोनों ही भारतीय टीम के पक्ष में नजर आ रहे हैं।