पीएम मोदी की मां पर टिप्पणी: राहुल गांधी, तेजस्वी यादव समेत चार के खिलाफ पटना सिविल कोर्ट में केस दर्ज

Ritu Raj

दरभंगा में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान हुआ था विवाद, 10 सितंबर को अगली सुनवाई

सिटी पोस्ट लाइव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां पर कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी को लेकर अब कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। पटना सिविल कोर्ट में एक अधिवक्ता अवधेश कुमार पांडे ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव, वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी और मो. रिजवी उर्फ राजा को आरोपी बनाया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

यह मामला मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) मनीष कुमार उपाध्याय की अदालत में आया, जिन्होंने इसे एक गंभीर मुद्दा माना। अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 10 सितंबर की तारीख तय की है। अधिवक्ता ऋषिकेश नारायण सिन्हा ने बताया कि यह केस परिवाद पत्र संख्या 12873/2025 के रूप में दर्ज किया गया है, और इसके बाद से बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

आरोप है कि 28 अगस्त को दरभंगा में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान एक मंच से प्रधानमंत्री की मां के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द कहे गए थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मंच पर मौजूद थे। शिकायत के अनुसार, मो. रिजवी उर्फ राजा ने यह विवादित टिप्पणी की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और इसे प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि पूरे देश की माताओं का अपमान बताया। इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया था। इस घटना के विरोध में भाजपा ने सड़क पर प्रदर्शन किया और एनडीए ने बिहार बंद का ऐलान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस घटना की निंदा की थी और अपनी मां को याद करते हुए भावुक हो गए थे।

इस पूरे विवाद ने बिहार की राजनीति को गरमा दिया है। जहां एक तरफ एनडीए इसे ‘जन सम्मान’ से जोड़कर विपक्ष पर लगातार हमले कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दल इसे ‘बदले की राजनीति’ बता रहे हैं। कोर्ट में दर्ज हुआ यह केस आने वाले दिनों में बिहार के सियासी माहौल में और ज्यादा टकराव पैदा कर सकता है।

Share This Article