सिटी पोस्ट लाइव
जैसे-जैसे बिहार में चुनावी सरगर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक दल जातीय समीकरण साधने में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। चाहे NDA हो या महागठबंधन, सभी पार्टियां अपने-अपने स्तर पर सामाजिक वर्गों को साधने की कोशिश में लगी हैं। इसी कड़ी में राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित वैश्य समाज सम्मेलन में शिरकत की।
उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की और सभा को संबोधित करते हुए वैश्य समाज को कई वादे किए। तेजस्वी यादव ने कहा, “अगर अगली सरकार हमारी बनती है, तो हम सिर्फ आपकी जान-माल की हिफाजत नहीं करेंगे, बल्कि सरकार में आपके समाज को मजबूत भागीदारी भी देंगे। जैसा हमने पहले किया है, आगे भी करते रहेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “आप लोग अगर हमारे लिए एक कदम बढ़ाएंगे, तो हम चार कदम आपके लिए आगे बढ़ाएंगे।” इस दौरान तेजस्वी ने राजद की ओर से पिछली सरकारों में वैश्य समाज को दिए गए प्रतिनिधित्व और योगदान का भी ज़िक्र किया। सम्मेलन का मकसद साफ था – वैश्य समाज में राजद की पकड़ मजबूत करना और भाजपा के पारंपरिक वोट बैंक में सेंधमारी की रणनीति को जमीन पर उतारना। यह कार्यक्रम आगामी चुनावों से पहले महागठबंधन की जातीय गणित साधने की कवायद का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है।