सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में मतदाता पुनरीक्षण के मुद्दे पर सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान कर दिया है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि 9 जुलाई को पूरे बिहार में महागठबंधन के बैनर तले चक्का जाम और जोरदार धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने साफ कहा कि बिहार की लोकतांत्रिक परंपरा पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “प्रधानमंत्री, अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार की लोकतांत्रिक भावना को कुचलना चाहते हैं। लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। लोकतंत्र को बचाने के लिए हम सड़कों पर उतरेंगे।”
उन्होंने यह भी कहा कि इस विरोध प्रदर्शन में पूरा महागठबंधन एकजुट होकर भाग लेगा और जनता की आवाज को बुलंद किया जाएगा। तेजस्वी यादव ने देर रात प्रेस वार्ता में यह घोषणा की और साथ ही मतदाता पुनरीक्षण से जुड़े कथित अनियमितताओं का वीडियो भी प्रस्तुत किया। महागठबंधन के इस कदम से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। यह आंदोलन राज्य सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकता है।