सिटी पोस्ट लाइव
कटिहार समेली प्रखंड के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चकला मौलानगर पंचायत में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हथियारबंद बदमाशों ने एक छह वर्षीय मासूम कृष्ण कुमार यादव का स्कॉर्पियो गाड़ी से अपहरण कर लिया। यह वारदात बच्चे के परिजनों की आंखों के सामने हुई, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपहरणकर्ताओं ने पहले बच्चे के चाचा सीताराम यादव को हथियार दिखाकर डराया और फिर दरवाजे पर खेल रहे कृष्ण को जबरन गाड़ी में डालकर फरार हो गए। इस दौरान अपहरणकर्ताओं और परिजनों के बीच झड़प भी हुई। इसी तनावपूर्ण माहौल में बच्चे के 77 वर्षीय चचेरे दादा बैजनाथ यादव को सदमा लगा और उन्हें मौके पर ही दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम और आक्रोश फैल गया। पीड़ित परिवार बेसुध है और ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। सूचना पर पोठिया थाना के पीएसआई हितेश कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। थाना प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे पुलिस महकमे को अलर्ट पर रखा गया है। मासूम की सुरक्षित बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह घटना न सिर्फ स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में बदमाशों के बढ़ते हौसलों की भी गवाही देती है। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।