बिहार चुनाव के मतदान खत्म होने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर महागठबंधन की जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि दो चरणों में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए चुनाव में जनता ने बदलाव के लिए वोट दिया है। उन्होंने महागठबंधन के नेताओं, कार्यकर्ताओं और बिहार की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में लोगों ने रिकॉर्ड मतदान कर इतिहास रचा है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि मतदान के बाद मिली जनता की प्रतिक्रियाएं बेहद सकारात्मक हैं और 1995 के बाद इतनी मजबूत लहर पहली बार देखने को मिली है। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने भारी संख्या में वोट कर मौजूदा सरकार को खारिज कर दिया है और अब बदलाव तय है। तेजस्वी ने कहा, “हमने पहले ही कहा था कि 14 तारीख को नतीजे आएंगे और 18 को शपथ ग्रहण होगा, यह निश्चित है।” उन्होंने भाजपा और एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी बौखलाहट बताती है कि हार सामने है। एग्जिट पोल्स पर प्रतिक्रिया देते हुए वे बोले कि ये सर्वे जनता का नहीं, अधिकारियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने का प्रयास हैं।
तेजस्वी यादव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि मतगणना प्रक्रिया में किसी भी तरह की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि इस बार जनता बदलाव के मूड में है और “नौकरी वाली सरकार” बनकर रहेगी। इसके साथ ही कहा कि महागठबंधन के कार्यकर्ता हर बूथ और हर काउंटिंग सेंटर पर सतर्क हैं ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो सके। उन्होंने विश्वास जताया कि 18 नवंबर को बिहार में नई सरकार शपथ लेगी और जनता के भरोसे पर खरी उतरेगी।