बांग्लादेश का भारत आने से इनकार, 21 जनवरी को होगा फाइनल फैसला; जानें क्या स्कॉटलैंड की होगी ‘सरप्राइज एंट्री’?…

Ritu Raj

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश और आईसीसी के बीच चल रहा विवाद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने सुरक्षा चिंताओं के आधार पर भारत में अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया है और मांग की है कि उनके मैच श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं, लेकिन आईसीसी ने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है।

टूर्नामेंट का शेड्यूल पहले से फाइनल है, जिसमें बांग्लादेश के ग्रुप मैच कोलकाता (3 मैच) और मुंबई (1 मैच) में निर्धारित हैं। बीसीबी ने कहा है कि मौजूदा हालात में उनकी टीम भारत नहीं जाएगी। यह विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर आईपीएल 2026 से हटा दिया गया, जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आईसीसी ने बीसीबी को 21 जनवरी तक भागीदारी पर अंतिम फैसला लेने के लिए कहा है। अगर बांग्लादेश भारत में मैच खेलने से मना करता है, तो उन्हें रैंकिंग के आधार पर किसी अन्य टीम से रिप्लेस किया जा सकता है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि स्कॉटलैंड (जो क्वालीफाई नहीं कर पाई सबसे ऊंची रैंक वाली टीम है) उनकी जगह ले सकती है, जैसा कि 2009 में जिम्बाब्वे के नाम वापस लेने पर हुआ था।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

हालांकि, बीबीसी की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी ने अब तक क्रिकेट स्कॉटलैंड से इस बारे में कोई बातचीत नहीं की है। स्कॉटलैंड के अधिकारी भी आईसीसी से संपर्क शुरू करने की कोई योजना नहीं बना रहे हैं, हालांकि अगर बुलावा आया तो उनके खिलाड़ी तैयार हैं। वहीं, बीसीबी ने 21 जनवरी की डेडलाइन वाली खबरों का खंडन किया है और कहा है कि आईसीसी ने कोई स्पष्ट तारीख नहीं बताई। दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला। भारत-पाकिस्तान मैचों को अलग करने की पुरानी व्यवस्था 2027 तक आईसीसी इवेंट्स के लिए दोनों बोर्ड्स के बीच सहमति से चल रही है, लेकिन इस मामले में उसका कोई असर नहीं है। बता दें कि टूर्नामेंट 7 फरवरी से शुरू हो रहा है, ऐसे में अगले कुछ दिनों में स्थिति साफ होने की उम्मीद है, वरना बांग्लादेश के बाहर होने की आशंका मजबूत हो गई है।

Share This Article