सिटी पोस्ट लाइव
बेतिया: बेतिया पहुंचे बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज कार्यकर्ताओं के सम्मेलन से पहले बेतिया सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में ‘डीके टैक्स’ चलता है और ट्रांसफर-पोस्टिंग के खेल हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब किसी डीके पर आरोप लगता है, तो राज्य और केंद्र के सारे मंत्री उनके बचाव में आ जाते हैं। नाम लिए बिना तेजस्वी ने यह भी कहा कि बिहार मंत्री के भाई पर जमीन हथियाने के आरोप हैं, और उन्होंने इस मामले में मंत्री से इस्तीफे की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की अपील की। तेजस्वी यादव ने आगे कहा, “बिहार के लोग इस बार अपनी सरकार बनवाएं। जब एक ही तरह का बीज बीस सालों से बोते जाएं तो उसकी उपज नहीं होती।” केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा तेजस्वी पर हिंदू न होने का आरोप लगाए जाने पर तेजस्वी ने पलटवार करते हुए कहा, “वह कपड़ा मंत्री हैं, अच्छा होता अगर वह धर्मगुरु बन जाते।”
नीतीश कुमार की यात्रा पर टिप्पणी करते हुए तेजस्वी ने कहा, “मुख्यमंत्री जी अपनी यात्रा पर हैं, लेकिन किसी से संवाद नहीं कर रहे। यात्रा पर 2 अरब 25 करोड़ 78 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं। यह अधिकारियों की लूट की छुट की यात्री है, जिसमें कोई संवाद नहीं है।” तेजस्वी ने कहा, “अब हमारी पार्टी जमीनी स्तर पर सीधे तौर पर लोगों से संवाद करेगी। हम पंचायत और बूथ से शुरू होकर संगठन और पार्टी को मजबूत करेंगे।”