पहले चरण की वोटिंग के बीच बढ़ा तनाव, डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हमला…

Ritu Raj

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बीच बड़ा बवाल सामने आया है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर गुरुवार को पथराव हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, वे अपने विधानसभा क्षेत्र लखीसराय में मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे थे, इसी दौरान भीड़ ने उनके काफिले पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस पथराव में उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए और सुरक्षाकर्मियों को उन्हें वहां से सुरक्षित निकालना पड़ा।

उपमुख्यमंत्री ने इस घटना की तीखी निंदा करते हुए RJD पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह हमला लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरजेडी के समर्थकों ने पहले उनके काफिले का रास्ता रोका और नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति तब बिगड़ गई जब भीड़ ने उनके काफिले पर पथराव, गोबर और चप्पलें फेंकनी शुरू कर दीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और भीड़ को पीछे हटाया। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा कारणों से उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। साथ ही वे अपने विधानसभा क्षेत्र में पोलिंग बूथों का जायजा लेने जा रहे थे, लेकिन विरोधियों ने उन्हें बूथ तक पहुंचने से रोक दिया। सिन्हा ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा डालने की साजिश करार दिया और कहा कि “यह कायराना हमला उन लोगों की हताशा दिखाता है जो जनता के समर्थन से डर गए हैं। प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

गौरतलब है कि विजय कुमार सिन्हा लखीसराय विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार हैं और इस समय राज्य के उपमुख्यमंत्री भी हैं। मतदान के दिन अपने क्षेत्र का दौरा करते समय हुए इस हमले ने राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया है। घटना के बाद सिन्हा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एनडीए सरकार दोबारा सत्ता में आएगी और आरजेडी के गुंडों पर बुलडोज़र चलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष समर्थक लोग गांव में मतदाताओं को डराने और पोलिंग एजेंटों को भगाने का काम कर रहे हैं। प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र का अपमान है, मतदाताओं को डराकर लोकतंत्र को बंधक नहीं बनाया जा सकता। फिलहाल पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Share This Article