बिहार चुनावी समर के बीच सोनबरसा में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए एनडीए सरकार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के नेता हमेशा अतीत में जीते हैं और नेहरू जी व इंदिरा जी का बार-बार अपमान करते हैं। प्रियंका ने तंज कसते हुए कहा, मोदी जी, अब एक ‘अपमान मंत्रालय’ ही बना दीजिए, ताकि आपको हर बार लिस्ट निकालने की जरूरत न पड़े।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार पर तीखा व्यंग्य करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री चाहें तो उनके परिवार के अपमान की भी एक लिस्ट तैयार कर लें, ताकि उन्हें मेहनत न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार युवाओं से रोजगार और शिक्षा जैसे अहम मुद्दों पर बात नहीं करती। अगर कोई युवा सवाल पूछता है, तो उसे देशद्रोही कह दिया जाता है। कांग्रेस नेता ने बिहार में बढ़ते पलायन पर चिंता जताते हुए कहा कि यहां के युवाओं को आज भी रोज़गार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है। आगे कहा कि पहले लोग खेती से अपनी रोज़ी-रोटी चला लेते थे, लेकिन अब किसानों को फसल का सही दाम नहीं मिल रहा। यह सरकार की नीतियों की नाकामी का परिणाम है। आरोप लगाते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश के बड़े उद्योग अपने उद्योगपति दोस्तों को सौंप दिए हैं। महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10 हजार रुपये देने का वादा कर रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि ये पैसे पहले कहां थे?
सभा के अंत में प्रियंका गांधी ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि एनडीए सरकार जनता के मताधिकार पर हमला कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में 65 लाख से ज्यादा लोगों के वोट काट दिए गए हैं, यानी इतने लोगों से उनका अधिकार छीन लिया गया है। प्रियंका ने इसे जनता के खिलाफ एक बड़ी साजिश बताते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसी कोशिशों के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।