क्रिकेट के महाकुंभ का समापन अब बेहद करीब है। 8 मार्च, रविवार को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट ग्राउंड, नरेंद्र मोदी स्टेडियम (अहमदाबाद) में भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल भिड़ंत होगी। लेकिन मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात से पहले, आईसीसी (ICC) एक भव्य ‘क्लोजिंग सेरेमनी’ के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।

मंच पर उतरेंगे ग्लोबल और देसी सितारे;
ICC ने आधिकारिक तौर पर समापन समारोह के कलाकारों की सूची जारी कर दी है। इस बार का आकर्षण इंटरनेशनल पॉप सेंसेशन रिकी मार्टिन होंगे, जो अपनी ऊर्जावान परफॉर्मेंस से स्टेडियम में जोश भर देंगे। उनके साथ भारतीय संगीत जगत के दो दिग्गज नाम भी शामिल हैं:
रिकी मार्टिन: ग्लोबल पॉप आइकन।
सुखबीर: ‘प्रिंस ऑफ भांगड़ा’ अपने फुट-टैपिंग गानों के साथ।
फाल्गुनी पाठक: ‘डांडिया क्वीन’ अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगी।

शेड्यूल पर एक नजर;
क्लोजिंग सेरेमनी की शुरुआत: शाम 5:30 बजे।
फाइनल मुकाबला: शाम 7:00 बजे।

टीम इंडिया की नजरें लगातार दूसरे खिताब पर;
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने सेमीफाइनल के रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल का टिकट कटाया है। वानखेड़े स्टेडियम में मिली उस जीत के बाद अब टीम इंडिया का हौसला सातवें आसमान पर है। याद दिला दें कि 2024 में रोहित शर्मा की अगुवाई में भारत ने टी20 विश्व कप जीता था। अब प्रशंसकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या ‘सूर्या की सेना’ अपने घरेलू मैदान पर इतिहास दोहराते हुए लगातार दूसरी बार विश्व विजेता बन पाएगी?