सिटी पोस्ट लाइव
सड़क हादसों में घायलों के लिए सरकार ने एक महत्वपूर्ण योजना का ऐलान किया है। अब सड़क हादसों में घायल होने वालों को इलाज के लिए पैसे की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही देशव्यापी कैशलेस ट्रीटमेंट योजना का शुभारंभ करेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को बिना किसी देरी के इलाज मिल सके।
हर साल सड़क हादसों में लगभग 1.8 लाख लोगों की जान चली जाती है, जिनमें से कई ऐसे हादसे होते हैं जहां समय पर इलाज न मिलने के कारण लोग अपनी जान गंवा देते हैं। अक्सर यह समस्या तब और बढ़ जाती है, जब घायलों के पास इलाज के लिए पैसे नहीं होते और अस्पताल भी इलाज करने से पहले पैसे की मांग करते हैं। इन स्थितियों में यह योजना घायलों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
सरकार की इस नई योजना के तहत, सड़क हादसों से जुड़े सभी मामलों को कैशलेस इलाज का लाभ मिलेगा। चाहे दुर्घटना हाईवे, शहरी सड़क या गांव के रास्ते पर हो, हर पीड़ित को इसका लाभ मिलेगा। इस योजना के तहत पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए पहले पैसे नहीं देने होंगे, और एंबुलेंस, पुलिस या आम लोग बिना किसी डर के घायल को अस्पताल पहुंचा सकेंगे।
इस योजना के तहत, हर पीड़ित को दुर्घटना की तारीख से अधिकतम 7 दिन तक, प्रति दुर्घटना 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। सरकार का उद्देश्य यह है कि इलाज पैसों की वजह से न रुके और समय पर इलाज मिलने से गंभीर मामलों में जान बचने की संभावना बढ़े। सड़क परिवहन मंत्रालय ने इस योजना का पायलट प्रोजेक्ट 14 मार्च 2024 को चंडीगढ़ में शुरू किया था, और इसे अब 6 राज्यों तक विस्तारित किया गया है। 2025 तक यह योजना पूरी तरह से लागू हो जाएगी।