RJD में ‘तेजस्वी’ युग का आधिकारिक आगाज: कार्यकारी अध्यक्ष की कमान मिलते ही रोहिणी के ‘खट्टे-मीठे’ बधाई संदेश ने बढ़ाई हलचल…

Ritu Raj

बिहार की राजनीति और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के भीतर एक बड़े संगठनात्मक बदलाव की खबर सामने आई है। तेजस्वी यादव को आधिकारिक तौर पर आरजेडी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है। पटना के होटल मौर्य में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। यह बैठक आरजेडी के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है, जहाँ लालू यादव ने अपनी विरासत को पूरी तरह तेजस्वी के कंधों पर डाल दिया है। अब चुनौती यह है कि तेजस्वी इस नई जिम्मेदारी के साथ पार्टी को फिर से सत्ता की दहलीज तक कैसे ले जाते हैं। पटना में हुई बैठक के दौरान भोला यादव ने तेजस्वी को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। हालांकि तेजस्वी पहले से ही पार्टी के सभी बड़े फैसले ले रहे थे, लेकिन इस नियुक्ति ने अब उनकी ताकत पर आधिकारिक मुहर लगा दी है। अब संगठन से लेकर चुनावी रणनीति तक, कमान पूरी तरह उनके हाथों में होगी।

हार पर मंथन और भविष्य की रणनीति;
बिहार विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद आरजेडी की यह पहली सबसे बड़ी बैठक है। इसमें न केवल हार के कारणों पर चर्चा हो रही है, बल्कि भविष्य की दिशा भी तय की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम करने वाले नेताओं की पहचान कर ली गई है और उन पर सख्त कार्रवाई की तैयारी है। वहीं, बैठक में 27 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों का शामिल होना यह दर्शाता है कि आरजेडी अब बिहार के बाहर भी अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

रोहिणी आचार्य का ‘तंज’ भरा अंदाज;
इस नियुक्ति के बाद तेजस्वी की बहन और राजद नेता रोहिणी आचार्य का सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर तंज कसते हुए लिखा- “सियासत के शिखर – पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप , ठकुरसुहाती करने वालों और ” गिरोह – ए – घुसपैठ ” को उनके हाथों की “कठपुतली बने शहजादा” की ताजपोशी मुबारक” ..

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी;
बैठक में पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद मीसा भारती और संजय यादव समेत आरजेडी के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे। आरजेडी की बैठक में देश के 27 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भाग लेने के लिए पटना आए हुए हैं। इनके अलावा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हिस्सा लेंगे। इसमें 200 से अधिक डेलिगेट्स भाग ले रहे हैं। बाहर से आए नेताओं को होटल मौर्या में ठहराया गया है। वहीं, रघुनाथपुर से विधायक ओसामा शहाब भी राजद कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने पटना के होटल मौर्या पहुंचे हैं।

Share This Article