सिटी पोस्ट लाइव : शुक्रवार को राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई. लोगों को चार दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत मिली. सुबह से ही आंशिक बादल छाए हुए थे. पटना में दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया. वर्षा के कारण पटना के अलग-अलग इलाकों के विधानसभा, पुराना सचिवालय, इको पार्क, कंकड़बाग, गांधी मैदान समेत अन्य भागों में जलजमाव की स्थिति बनी रही. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसून द्रोणिका रेखा बीकानेर, अलवर, ग्वालियर, सिद्धि, शांति निकेतन होते हुए दक्षिण मिजोरम की ओर गुजर रही है. साथ एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र दक्षिण उत्तरप्रदेश के आसपास बना हुआ है.
अगले 24 घंटों के दौरान पटना समेत 10 जिलों मधेपुरा, सहरसा, मधुबनी, खगड़िया, भागलपुर, पश्चिमी चंपारण, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा में भारी व बहुत भारी वर्षा की चेतावनी है. कई स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपातकी चेतावनी है.उत्तर भारत में हो रही भारी वर्षा के कारण उत्तर रेलवे के कुछ रेलखंडों पर जलजमाव हो गया है. यात्रियों की सुरक्षा के कारण कई ट्रेनों का परिचालन रद कर दिया गया है.