सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में पिछले कुछ दिनों से मानसून लगातार सक्रिय है। पटना मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी कर दिया है। बारिश के साथ तेज रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है। वहीं, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं।
दरअसल, बिहार में बीते कुछ दिनों से लगातार झमाझम बारिश हो रही है। पटना, सिवान में पिछले करीब 4 घंटे से लगातार बरसात हो रही है। बांका में बारिश ने 30 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 1995 के बाद से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। वहीं, नालंदा, जमुई, बक्सर, लखीसराय, पूर्णिया में सुबह से बादल छाए हैं। लगातार हो रही बारिश से लखीसराय के सदर अस्पताल में पानी का जलजमाव हो गया। कई जिले के गलियों में नाव चल रही है। ऐसी हालत से लोग छत पर खाना बनाने को मजबूर है। बांका में बांध टूट जाने से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।
हालांकि, बीते 24 घंटे के दौरान पटना समेत 13 जिलों में भारी बारिश हुई है। जिसके कारण राजधानी के कई इलाकों में हालात बिगड़ गए। वहीं, पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन, गांधी मैदान में सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी जमा हो गया है। मुंगेर, बांका और भागलपुर में बाढ़ जैसे हालात हो गए। बक्सर में गंगा नदी उफान पर है। जिसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है।