बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार मैथिली ठाकुर के लिए प्रचार करने पहुंची उत्तर प्रदेश की विधायक केतकी सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में केतकी सिंह हाथ में मिथिला की पारंपरिक पाग उठाकर कहती हैं कि यह पाग सम्मान की प्रतीक नहीं है, बल्कि असली सम्मान तो बगल में बैठी मैथिली ठाकुर को मिलना चाहिए। इस बयान के बाद से बवाल मच गया। उसके बाद केतकी सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा किसी की भावना को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
सोशल मीडिया पर PaghControversy और MaithiliThakur के साथ ट्रेंड करते इस विवाद ने दो गुटों को जन्म दे दिया। जिनमें से एक मैथिली ठाकुर का समर्थन कर रहा है और दूसरा उनके खिलाफ है। विवाद के बढ़ने के बाद मैथिली ठाकुर ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा किसी की भावना को आहत करने का नहीं था। उन्होंने हमेशा मिथिला की पाग का सम्मान किया और इसे अपनी संस्कृति का प्रतीक मानते हुए कहा कि वह मिथिला की संस्कृति की राजदूत के रूप में कार्य करती रही हैं। वहीं, यूपी की बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने भी अपना पक्ष रखा। औऱ कहा कि पाग सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि हर भारतीय के लिए सम्मान का प्रतीक है। उनका उद्देश्य किसी भी तरह से पाग का अपमान नहीं था। जैसे पाग का सम्मान किया जाता है, वैसे ही समाज की हर बेटी का भी सम्मान होना चाहिए, और मैथिली ठाकुर, जो मिथिला की बेटी हैं, का भी उतना ही सम्मान होना चाहिए। हालांकि, राजद प्रत्याशी विनोद मिश्रा ने इस मामले में कहा कि मिथिला पाग का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और अलीनगर की जनता इसका जवाब देगी। विवाद के बढ़ने पर केतकी सिंह ने मीडिया से बात करते हुए सिर पर पाग पहनकर कहा कि उनके लिए पाग का सम्मान उतना ही है जितना किसी और के लिए है।
गौरतलब है कि मिथिला पाग केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि यह मिथिलांचल की संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसे सम्मानित व्यक्तियों, विद्वानों और अतिथियों को पहनाकर आदर दिया जाता है। इस विवाद ने चुनावी माहौल में राजनीतिक सरगर्मी को और तेज कर दिया है, और अन्य राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला लगातार जारी है।