‘वोटर अधिकार यात्रा’ मोतिहारी पहुंची, महिलाओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
सासाराम से शुरू हुई कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ आज सीतामढ़ी से होते हुए पूर्वी चंपारण जिले के फुलवरिया घाट पहुंची, जहाँ इसका भव्य स्वागत हुआ। हजारों गाड़ियों के काफिले के साथ राहुल गांधी और उनके सहयोगी नेता ढाका विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश किए। यहाँ ढाका के पूर्व विधायक फैसल रहमान के नेतृत्व में हजारों समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

यात्रा के दौरान, ढाका के फुलवरिया घाट पर फैसल रहमान और उनके समर्थक जिले की सीमा पर मौजूद थे। जैसे ही राहुल गांधी का काफिला वहाँ पहुंचा, “राहुल गांधी जिंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। इस यात्रा में तेजस्वी यादव भी राहुल गांधी के साथ मौजूद हैं, जो महागठबंधन की एकजुटता को दर्शा रहा है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

यात्रा को देखने के लिए उमड़ी भीड़ में महिलाओं का उत्साह विशेष रूप से देखने लायक था। राहुल गांधी को देखते ही महिलाओं ने “राहुल गांधी जिंदाबाद” और “वोट चोर गद्दी छोड़” जैसे नारे लगाना शुरू कर दिया। इस दौरान, कई महिलाओं ने कहा कि इस बार वे वोट चोरी करने वालों को सत्ता से बाहर करके राहुल और तेजस्वी को मजबूत करेंगे और बिहार में महागठबंधन की सरकार बनाएंगे।

स्वागत के बाद, पूर्व विधायक फैसल रहमान ने कहा कि यह यात्रा बिहार में बदलाव की लहर को और तेज कर रही है। उन्होंने कहा, “पूर्वी चंपारण की इस सत्याग्रह की धरती पर राहुल और तेजस्वी की यात्रा में उमड़ी यह भीड़ बताती है कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सरकार बनकर रहेगी।” उन्होंने विश्वास जताया कि लाखों की संख्या में पहुंची यह भीड़ महागठबंधन के पक्ष में मतदान करने का संकेत है।

यह यात्रा आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए महागठबंधन की तैयारियों को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यात्रा का उद्देश्य जनता को उनके मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना और उन्हें विपक्षी गठबंधन की ओर आकर्षित करना है। यात्रा के दौरान, नेताओं ने जनता से जुड़े मुद्दों पर भी बात की और वर्तमान सरकार की नीतियों की आलोचना की।

Share This Article