सिटी पोस्ट लाइव
वारिसनगर थाना क्षेत्र में मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर डीएसपी विजय महतो के नेतृत्व में और थानाध्यक्ष निरंजन कुमार की उपस्थिति में शांति समिति की बैठक का आयोजन सतमलपुर चौक स्थित ठाकुर कॉम्प्लेक्स में किया गया।
बैठक में सभी समुदायों के लोगों की भागीदारी रही, जहां डीएसपी विजय महतो ने स्पष्ट किया कि जुलूस में डीजे और धारदार हथियारों के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। साथ ही, उन्होंने बताया कि मोहर्रम जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
डीएसपी ने कहा कि लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, सोशल मीडिया और इंटरनेट मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द्र के साथ पर्व मनाने की अपील की और कहा कि पुलिस हर कदम पर सहयोग के लिए तैयार है, लेकिन कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।