सिटी पोस्ट लाइव
बिहार में मानसून लगातर सक्रिय है। पिछले कुछ दिनों से बिहार के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। इसे लेकर पटना मौसम विभाग ने औरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। अब मौसम विभाग ने अगले हफ्ते तक आंधी-बारिश की संभावना जताई है।
दरअसल, पिछले 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हुई है। साथ ही, मौसम विभाग की तरफ से लोगों को सतर्क और सावधान रहने को कहा गया है। वहीं, बिहार में अगले हफ्ते तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने 28 जुलाई से 1 अगस्त तक बारिश और वज्रपात का अनुमान लगाया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 और 29 जुलाई को पटना, नालंदा, बक्सर, कैमूर, रोहतास, नवादा, जहानाबाद, शेखपुरा और औरंगाबाद में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। और 30 जुलाई को जमुई, बांका, भागलपुर, अररिया, नवादा और मुंगेर में भयंकर बारिश होगी। वहीं, 1 और 2 अगस्त को भी इसी तरह मौसम का मिजाज बना रहेगा। ऐसी स्थिति में राज्य में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बिगड़ा हुआ सा रहेगा। हालांकि, राजधानी पटना की बात करें तो, रविवार रात को शुरू हुई बारिश सोमवार तक जारी रही। लगातार हुई बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव हो गया, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आज सुबह भी जोरदार बारिश हुई। इसके साथ ही पूरे दिन बादल छाए हुए हैं।