हजारों फीट की ऊँचाई पर उड़ते हवाई जहाज में यात्रियों का भरोसा सबसे ज्यादा कॉकपिट में मौजूद पायलट की जिम्मेदारी और सतर्कता पर होता है। लेकिन जब उड़ान 8, 12 या 15 घंटे लंबी हो, तो सवाल उठता है कि पायलट इतनी देर लगातार कैसे जागते रहते हैं? असल में, पायलट उड़ान के दौरान सोते भी हैं, और यह पूरी तरह से नियमों और वैधानिक प्रोटोकॉल के तहत किया जाता है।
ज्यादातर लोग सोचते हैं कि पायलट पूरी उड़ान कॉकपिट में बैठकर ही विमान चलाते हैं, लेकिन लंबी दूरी की उड़ानों में उनके लिए खास रेस्ट रूम या क्रू रेस्ट कम्पार्टमेंट बनाए जाते हैं। ये जगहें यात्रियों की नजरों से छुपी होती हैं और केवल पायलट और केबिन क्रू को ही पता होता है। इन कमरों में बंक बेड, मुलायम रोशनी और शोर कम करने की व्यवस्था होती है, ताकि पायलट गहरी नींद ले सकें और फिर पूरी ताजगी के साथ कॉकपिट संभाल सकें। वहीं, बड़े विमानों जैसे बोइंग 777, 787 और एयरबस A350 में पायलटों के लिए अलग बंक बेड मॉड्यूल होते हैं, जबकि अन्य विमानों में बिजनेस या फर्स्ट क्लास की कुछ सीटें पायलटों के लिए रिजर्व रहती हैं। लंबी उड़ानों में आमतौर पर 2–3 पायलट रहते हैं जो एक या दो कॉकपिट संभालते हैं, जबकि तीसरा निर्धारित समय के लिए आराम करता है। छोटी उड़ानों में रेस्ट रूम नहीं होता, लेकिन पायलट को कंट्रोल्ड रेस्ट की अनुमति होती है। यह 10–40 मिनट का छोटा आराम होता है, जिसे कॉकपिट में ही सीट पीछे झुकाकर और सीट बेल्ट बांधकर लिया जाता है, जबकि दूसरा पायलट पूरी तरह सतर्क रहता है।
हालांकि, यह नियम इसलिए बनाए गए हैं ताकि उड़ान के दौरान पायलटों की थकान कम हो और वे पूरी सतर्कता के साथ विमान को सुरक्षित लैंड करा सकें। अध्ययन बताते हैं कि नियंत्रित झपकी पायलट की प्रतिक्रिया क्षमता और ध्यान को बेहतर बनाती है। कई यात्रियों को यह जानकर डर लग सकता है कि पायलट उड़ान के दौरान सोते हैं, लेकिन सच यही है कि यह प्रक्रिया उड़ान की सुरक्षा का हिस्सा है। अच्छी तरह आराम किया हुआ पायलट थके हुए पायलट से कहीं अधिक सुरक्षित ढंग से विमान को संभाल सकता है। इसके अलावा, आधुनिक विमानों में ऑटो-पायलट और अन्य सुरक्षा प्रणालियाँ भी पायलट की सहायता करती हैं, जिससे उड़ान और भी सुरक्षित हो जाती है। इसलिए, पायलट की नियंत्रित झपकी केवल उनकी सुविधा के लिए नहीं, बल्कि आपकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी बेहद जरूरी है।