सिटी पोस्ट लाइव
पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पटना में 300 करोड़ रुपये की दो बड़ी योजनाओं के शिलान्यास की सराहना की। इन योजनाओं के तहत दो बड़े नालों, राजीव नगर और आनंदपुरी, पर पुल और सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
मंत्री नितिन नवीन ने कहा, “आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटनावासियों को एक बड़ा तोहफा दिया है। इन दोनों नालों पर पुल और सड़कें बनने के बाद लोग आने वाले दिनों में फर्राटेदार गाड़ियां चला सकेंगे। यह केवल नीतीश कुमार की सरकार ही कर सकती है।” उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि राज्य में लगातार और हर स्तर पर विकास हो रहा है।
उन्होंने इन परियोजनाओं को “बहुत बड़ी बात” बताया। नितिन नवीन ने कहा कि जिस इलाके में ये निर्माण कार्य हो रहे हैं, वहां की स्थिति पहले काफी खराब थी। इन योजनाओं के पूरा होने के बाद न केवल लोगों को आवागमन में सुविधा होगी, बल्कि इलाके का भी तेजी से विकास होगा।
यह परियोजनाएं पटना की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं। सरकार का मानना है कि इन विकास कार्यों से पटना को एक आधुनिक और विकसित शहर बनाने में मदद मिलेगी।