ठेका मजदूरो के शोषण के विरोध में कामगारों ने किया प्रदर्शन

Rahul
By Rahul

सिटी पोस्ट लाइव
बोकारो।
सेल इस्पात संयंत्र के कोक-ओवन एवं कोक केमिकल्स विभाग के सुदर्शन कैंटीन में संयंत्र के ठेका मजदूरों की ज्वलंत समस्याओ पर आर-पार की आक्रामक रणनीति पर विचार हेतु क्रान्तिकारी इस्पात मजदूर संघ के द्वारा ठेका मजदूरो की विशाल मीटिंग हुई। मीटिंग को सम्बोधित करते हुए संघ के महामन्त्री सह-सदस्य एनजेसीएस श्री राजेंद्र सिंह ने कहा कि प्लांट के कुछ अधिकारी ठेका मजदूरो के हकमारी को हीं अपना एकमात्र कर्तव्य समझते हैं। 15 अक्टूबर के हड़ताल नोटिस के आलोक में वार्ता के दौरान प्रबंधन ने हड़ताल वापस लेने का अनुरोध करते हुए मजदूरो से वादा किया था कि हम जल्द हीं अपने नियम मे सुधार कर यह सुनिश्चित करेंगे कि एक भी मजदूर मेडिकल चेकअप के वजह से बाहर नहीं हों।

मगर इनका कानून है कि सुधरने का नाम ही नही ले रहा है। आज ठेका मजदूर सीधे-सीधे उत्पादन का काम कर रहें है मगर बदले मे मिलता है तो सिर्फ झारखंड सरकार का भवन निर्माण का मिनिमम वेज।झारखंड सरकार के नियमावली मे कारखाना का मिनिमम वेज है ही नही।फिर भी हमे मिनिमम वेज के नाम पर धोखा दिया जा रहा है।ना नाइट शिफ्ट एलाउंस, ना ग्रुच्युटी, ना अन्य किसी प्रकार का भत्ता। हम साफ-साफ प्रबंधन को बता देना चाहते है कि हमे मिनिमम नहीं मैक्सिमम वेज चाहिए।ए.डब्ल्यू.ए का रकम जो हमें दिया जा रहा है उसका ई.एस. आई.सी तो काटा जाता है मगर मजदूरो को आर्थिक लाभ से वंचित रखने के लिए इस ए.डब्ल्यू.ए की राशि को मिनिमम वेज से नहीं जोड़ा जा रहा है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

जहाँ तक बायोमेट्रिक एटेन्डेन्स का सवाल है हमारा कहना साफ है कि जो सुविधा और नियम अधिकारियो के साथ लागू है वही सुविधाएँ ठेका मजदूरो को भी मिलना चाहिए तभी हमे बायोमेट्रिक एटेन्डेन्स मंजूर होगा। जो कुशल कामगार साथी ई.एस.आई.सी की सीमा से बाहर हो चुके हैं उनके और उनके आश्रितो के ईलाज के लिए कम से कम पाँच लाख रुपए का हेल्थ इंश्योरेंस करो या ईलाज का उत्तम व्यवस्था करो। अन्त में श्री सिंह ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि हमारी मांगो पर गंभीरता से विचार करते हुए निराकरण के लिए सकारात्मक और ठोस पहल करें नहीं तो मजदूर आन्दोलन से हक लेना बखूबी जानते हैं। मीटिंग को श्री सिंह के अलावे शशिभूषण सिंह , चन्द्र प्रकाश,जुम्मन खान, अभय शर्मा, अमित यादव, आनंद कुमार, हरेराम सिंह, टुनटुन सिंह आदि ने संबोधित किया।

Share This Article