सिटी पोस्ट लाइव :: बिहार के मुजफ्फरपुर में हुए कुढ़नी और तुर्की रेपकांड के पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़े सवाल खड़े किए. चिराग ने कहा कि एक के बाद एक ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे बिहार में कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खुल रही है. उन्होंने ना सिर्फ अपराधियों को सजा देने की मांग की, बल्कि स्थानीय प्रशासन और पटना मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (PMCH) की लापरवाही पर भी निशाना साधा.
कुढ़नी रेपकांड में 11 साल की एक दलित बच्ची के साथ बलात्कार हुआ, जिसे गंभीर हालत में PMCH लाया गया. लेकिन वहां उसे 4-5 घंटे तक एंबुलेंस में इंतजार करना पड़ा और समय पर इलाज न मिलने से उसकी मौत हो गई. चिराग ने कहा कि इस मामले में जितना दोषी बलात्कारी है, उतना ही दोषी PMCH का वो स्टाफ है, जिसने बच्ची को मरने के लिए छोड़ दिया.
चिराग ने स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन की लापरवाही ने अपराधियों का हौसला बढ़ाया. कुछ थानेदार और अधिकारी सस्पेंड हुए, लेकिन चिराग ने डीएसपी जैसे बड़े अधिकारियों की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए. उन्होंने यह भी पूछा कि क्या किसी दबंग नेता के दबाव में पुलिस काम कर रही है? चिराग ने मांग की कि अपराधियों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों पर भी कार्रवाई हो.