सिटी पोस्ट लाइव :झारखंड के गिरिडीह जिले के एक घर से चार लोगों की लाश मिलने से हडकंप मच गया है.पुलिस के अनुसार खुखरा थाना क्षेत्र के महेशलिट्टी गांव में एक घर से चार शव मिले हैं. ये शव एक पिता और तीन बच्चों के बताए जा रहे हैं. आशंका जताई जा रही है कि पिता ने तीन बच्चों को गला दबाकर मार कर खुद फांसी लगा ली.मृतकों में दो बेटी एक बेटा और पिता शामिल हैं. मरने वालों की पहचान 12 साल की आफरीन, छह साल की जेबा नाज, आठ साल के सफाउल और 36 साल के सनाउल के रूप में हुई है.
सनाउल की पत्नी शनिवार (15 मार्च) ही मायके इलाज कराने गई थी और उनके पीछे से पति ने कथित तौर पर तीन बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी, फिर खुद ने भी मौत को गले लगा लिया. इधर घटना के बाद से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है.अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना रात दो-तीन बजे के आसपास की है. इसकी जानकारी रविवार (16 मार्च) की सुबह लोगों को तब हुई, जब रमजान की सेहरी के बाद भी सनाउल के घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने उनके दरवाजे पर दस्तक दी. कोई आवाज न आने पर लोग किसी तरह अंदर घुसे तो सनाउल अंसारी को फांसी पर लटका पाया, जबकि उसके तीनों बच्चे वहीं मृत पड़े थे.
पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची.फिर डुमरी के एसडीपीओ सुमित प्रसाद भी मौके पर पहुंचे. एसडीपीओ ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सनाउल ने अपने तीन बच्चों की गला दबाकर हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर जान दी है. घटना की वजह क्या है, यह पता नहीं चल पाया है.