सिटी पोस्ट लाइव : राजधानी पटना के सिटी के खाजेकला थाना क्षेत्र में रविवार की देर शाम शूट आउट की वारदात हुई है.खबर के अनुसार अपराधियों ने घर में घुसकर दो सगे भाइयों को गोली मारी है. 35 वर्षीय रविंद्र कुमार और 36 वर्षीय अरविंद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.रविंद्र कुमार के सिर और अरविंद कुमार के हाथ में गोली लगी है. घटना के समय दोनों भाई अपने घर में बैठे थे, तभी मोटरसाइकिल से आए अपराधियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.
पटना सिटी के लाल टोला में हुए इस शूट आउट ने सिटी के लोगों को दहलाकर रख दिया है.पुलिस ने घायल भाइयों को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया, जहां रविंद्र कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है. थाना प्रभारी प्रभात रंजन सक्सेना ने बताया कि दोनों भाई मजदूरी का काम करते हैं. प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी विवाद का लग रहा है.पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली कारतूस बरामद किए हैं. मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम और डॉग स्क्वाड्रन को भी बुलाया गया. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.