“सड़क पर जान जाए तो जाए, सरकार तो विकास की रफ्तार नाप रही है!”
सिटी पोस्ट लाइव
बगहा (पश्चिम चंपारण): बगहा के बसवरिया चौक के पास सोमवार शाम लगभग 4:30 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान बसवरिया निवासी मुन्ना साह (36 वर्ष) के रूप में की गई है।
शादी में शामिल होने आए थे, भाई के घर से कपड़ा लेने जा रहे थे परिजनों के अनुसार, मुन्ना साह अपनी 14 वर्षीय बेटी सलोनी के साथ चौतरवा स्थित अपने भाई के घर जा रहे थे। वह शादी में शामिल होने के लिए घर आए थे और वहाँ कपड़ा छूट गया था, जिसे लेने के लिए वह बाइक से निकले थे। जब वह बसवरिया चौक, परसौनी की ओर पहुँचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मुन्ना साह अपनी साइड में चल रहे थे, लेकिन स्कॉर्पियो विपरीत दिशा से उनकी साइड में घुस आई और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो में सवार चालक व अन्य लोग मौके से फरार हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिता-पुत्री को लौरिया अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बेतिया स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही मुन्ना साह की मौत हो गई। उनकी बेटी सलोनी का इलाज अब भी बेतिया जीएमसीएच में चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए, स्कॉर्पियो की पहचान की जा रही पलिस ने मुन्ना साह के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया है। साथ ही स्कॉर्पियो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन व चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन को कड़े कदम उठाने चाहिए।