Bhagalpur DM:
सिटी पोस्ट लाइव : भागलपुर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के खिलाफ अभियंताओं ने मोर्चा खोल दिया है. इंडेफ (पूर्वी प्रक्षेत्र) के सेक्रेटरी जनरल अंजनी कुमार ने डीएम को हटाने की मांग की है. उन्होंने कहा है कि भागलपुर के जिलाधिकारी द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालक अभियंता के साथ अमर्यादित व्यवहार, मारपीट की धमकी देने तथा हिरासत में लिए जाने की घटना ने साबित कर दिया है कि प्रशासन बेखौफ और बेलगाम हो गई है.
बिहार अभियंत्रण सेवा संघ ने आरोप लगाया है कि राज्य में तकनीकी कार्य में प्रशासनिक हस्तक्षेप की वजह से विकास कार्य प्रभावित हुए हैं. जिस राज्य में मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री खुद अभियंता हों, उस राज्य में अभियंता को प्रशासन के हाथों प्रताड़ित होना पड़े यह काफी चिंतनीय है. उन्होंने आरोप लगाया है कि भागलपुर की घटना के संबंध में ऐसा प्रतीत होता है कि जिलाधिकारी एवं विभागीय उच्च प्रशासनिक पदाधिकारीयों की मिलीभगत से एनएच 133ई के लिए भू-अर्जन से संबंधित मामले में वितीय अनियमिता एवं अराजकता पर पर्दा डालने का प्रयास किया जा रहा है.
बिहार सरकार से संघ ने भागलपुर मामले की गहन जांच कराने तथा संलिप्त भागलपुर के जिलाधिकारी एवं मामले में उदासीनता एवं लापरवाही वरतने वाले उच्च पदस्थ प्रशासनिक पदाधिकारियों का अविलम्ब स्थानांतरित करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है. गौरतलब है कि इंडेफ की हमेशा से मांग रही हैं कि तकनीकी विभाग का संचालन पूर्णतः तकनीकी हाथों में ही होना चाहिए. देश एवं हरेक राज्य स्तर पर तकनीकी आयोग के गठन की भी मांग उठाई जाती रही है