सिटी पोस्ट लाइव : बिहार में पुलिस पर हमले का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा. भागलपुर जिले के रिफातपुर बासा गांव में जमीन विवाद सुलझाने गई पुलिस बल पर हमला हो गया है.विवादित जमीन पर जबरन दीवार बनाने का विवाद सुलझाने पुलिस गई थी. इस घटना में दारोगा ब्रजेश सिंह जख्मी हो गए. पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस टीम शिकायत मिलने के बाद जांच करने पहुंची थी.
हमले की सुचना जख्मी ब्रजेश सिंह नेइशीपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार और एसडीपीओ टू अर्जुन गुप्ता को दी. एसडीपीओ टू के नेतृत्व में पीरपैंती और इशीपुर थाना पुलिस सहित डायल 112 की तीन गाड़ी मौके पर पहुंची.पुलिस ने आरोपित प्रकाश ठाकुर और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया. जख्मी दारोगा ब्रजेश सिंह ने बताया कि रिफातपुर बासा निवासी प्रकाश ठाकुर और झारखंड के बेलबड्डा निवासी निशांत कुमार के बीच जमीन का विवाद था.निशांत कुमार की खरीदी गई जमीन पर प्रकाश ठाकुर सहित अन्य परिवार के साथ जबरन दीवार देकर कब्जा कर रहे थे. निशांत कुमार ने इशीपुर थाना में जमीन जबरन कब्जा करने का आवेदन दिया था.
पुलिस ने दीवार लगाने से मना कि और किसी तरह का विवाद नहीं करने और दोनों पक्षों को थाना पर शनिवार को जनता दरबार में आने कहा. पुलिस जाने के बाद प्रकाश ठाकुर ने फिर से दीवार देना शुरू कर दिया.इस बीच निशांत कुमार मना करने पहुंचा तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और धक्का-मुक्की होने लगी. निशांत ने पुनः जबरदस्ती कब्जा करने की सूचना पुलिस को दी.मौके पर पुन: पहुंची पुलिस पर प्रकाश ठाकुर एवं उसके परिवार के लोगों ने हमला कर दिया. इसमें दारोगा ब्रजेश सिंह जख्मी हो गया.
पुलिस बलों ने जख्मी दारोगा को रेफरल अस्पताल पहुंचाया. एसडीपीओ टू अर्जुन गुप्ता ने बताया कि पुलिस भूमि विवाद का निबटारा करने के लिए शनिवार को दोनों पक्षों को थाना बुलाई थी.इसके बाद भी पुलिस पर हमला कर दिया गया. इस मामले में प्रकाश ठाकुर एवं उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है.निशांत कुमार और पुलिस ने अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है. अन्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.