Bihar Police: पुलिस मुख्यालय से आदेश जारी
सिटी पोस्ट लाइव : बिहार पुलिस मुख्यालय महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित है. ड्यूटी के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के झुमका, नथिया, चूड़ियां और अन्य बड़े आभूषण पहनने पर रोक लगा दी गई है.मुख्यालय की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि कई महिला पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी कर्तव्य पालन के दौरान ऐसे श्रृंगार प्रसाधनों का इस्तेमाल कर रही हैं, जो पुलिस की गरिमा के अनुकूल नहीं है. 23 जून 2025 को आयोजित समीक्षात्मक बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा के बाद कार्मिक एवं कल्याण प्रभाग ने 27 जून को ज्ञापन जारी किया था. उसी के आलोक में अब ड्यूटी के दौरान भारी आभूषणों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया गया है.
पुलिस मुख्यालय की ओर से यह निर्देश सभी पुलिस अधीक्षकों को भेजा गया है, जिसमें आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है.अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था), बिहार, पटना द्वारा इस आदेश को जारी करते हुए कहा गया है कि इससे पुलिस बल की अनुशासित छवि बनी रहेगी.आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, सभी अपर पुलिस महानिदेशक, क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, उप-महानिरीक्षक एवं सभी जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षकों को भेजी गई है.