सिटी पोस्ट लाइव : रेलवे ने दानापुर मंडल में बेटिकट यात्रियों को पकड़ने के लिए ‘लाल गाड़ी’ नाम की एक विशेष ट्रेन शुरू की है. इस ट्रेन में टिकट चेकिंग स्टाफ और आरपीएफ के जवान होते हैं. यह टीम अचानक स्टेशनों पर पहुंचकर टिकटों की जांच करती है. बुधवार को लाल गाड़ी बाढ़ स्टेशन पर पहुंची तो बेटिकट यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. बिहार के बाढ़ स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर लाल गाड़ी पहुंची तो यात्रियों में भगदड़ मच गई है.
यह पहली बार था जब लाल गाड़ी से टिकट चेकिंग के लिए टीटी का दस्ता आरपीएफ के साथ बाढ़ आया था. अप्रैल महीने से दानापुर मंडल के अलग-अलग स्टेशनों पर लाल गाड़ी से टिकट चेकिंग का अभियान चल रहा है. लेकिन पहली बार बाढ़ में इस तरह से टिकट चेकिंग की गई. बड़ी संख्या में बेटिकट यात्री पकड़े गए. बाढ़ स्टेशन पर लाल गाड़ी से आए टीटी के दस्ते ने कई ट्रेनों में चेकिंग की. रेलवे सूत्रों के अनुसार, नमो भारत में कई लोग बिना टिकट पकड़े गए.
पकड़े गए यात्रियों से जुर्माना वसूला गया. जो जुर्माना नहीं दे पाए, उन्हें लाल गाड़ी में बैठाया गया. लगभग 30 टीटी ने प्लेटफार्म पर भी कई यात्रियों के टिकट जांचे. पूमरे के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र के अनुसार, यह एक पुरानी व्यवस्था है. वहीं, लोगों का कहना है कि दो दशक पहले भी इस तरह से लाल गाड़ी की तर्ज पर विशेष जांच की जाती थी.