Ind Vs Pak: बाबर की फॉर्म से लेकर उस्मान के एक्शन तक, सलमान अली आगा ने हर सवाल का दिया बेबाक जवाब…

Ritu Raj

पाकिस्तान के टी-20 टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने शनिवार को कोलंबो में प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के खिलाफ रविवार को होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।

हैंडशेक विवाद पर सवाल होने पर आगा ने कहा कि इसका फैसला कल मैदान पर ही साफ होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि मैच सही खेल भावना और स्पोर्ट्समैनशिप के साथ खेला जाएगा। पिछले साल एशिया कप 2025 में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। यह कदम अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए भारतीय नागरिकों के सम्मान में उठाया गया था, साथ ही इसे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के प्रति समर्थन के रूप में भी देखा गया। आगा ने मैच के माहौल और राजनीति को अलग रखकर खेल पर फोकस करने की बात कही। उन्होंने जोर दिया कि मैच अच्छे जज्बे और पारंपरिक क्रिकेट स्पिरिट में होना चाहिए। उनका मानना है कि उनका व्यक्तिगत विचार मायने नहीं रखता, बल्कि खेल हमेशा की तरह सम्मान और उत्साह के साथ खेला जाना चाहिए। भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है, इसे स्वीकार करते हुए आगा ने कहा, “इतिहास को बदला नहीं जा सकता। रिकॉर्ड हमारे पक्ष में नहीं है, लेकिन इस बार हम बेहतर प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश करेंगे।”

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बाबर आजम की फॉर्म को लेकर चिंता से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि बाबर कोई चिंता का विषय नहीं हैं। वे लगातार रन बना रहे हैं और कल भी टीम के लिए अहम योगदान देंगे। बल्लेबाजी क्रम में बड़े बदलाव की योजना नहीं है। मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक के एक्शन पर उठे सवालों का जवाब देते हुए आगा ने बताया कि आईसीसी ने उन्हें दो बार क्लियर कर दिया है। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि उनके एक्शन पर फिर से चर्चा क्यों हो रही है। वे ऐसी बातों पर ध्यान नहीं देते। हमारे लिए हर खिलाड़ी बराबर महत्वपूर्ण है।” भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर भी बात हुई, जो पेट की समस्या के कारण पिछले मैच में नहीं खेले थे। आगा ने कहा, “उम्मीद है कि अभिषेक कल खेलेंगे। हम पूरी ताकत वाली भारतीय टीम के खिलाफ खेलना चाहते हैं।”

Share This Article