सिटी पोस्ट लाइव :नाबालिग लड़कियों को बंधक बनाकर उनको अपने इशारे पर नचाने उनके साथ अश्लील हरकत हरकतें करने का सनसनीखेज खुलासा सामने आया है. सारण पुलिस ने मानव तस्करी का बड़ा भंडाफोड़ किया है. 12 दिनों में पुलिस ने 10 लड़कियों को मानव तस्करों के चंगुल से छुडा लिया है. इसुआपुर में आर्केस्ट्रा पर छापा मारकर पश्चिम बंगाल उड़ीसा झारखंड और बिहार की मासूम लड़कियों को छुडाया गया है. पीड़ितों ने बताया कि उन्हें अश्लील नृत्य के लिए मजबूर किया गया और प्रताड़ित किया गया.
पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष के अनुसार शनिवार को इसुआपुर थाना क्षेत्र में राहुल आर्केस्ट्रा, संगीता आर्केस्ट्रा, मुस्कान आर्केस्ट्रा और विपिन आर्केस्ट्रा में घेराबंदी कर छापेमारी की गई.इस दौरान पश्चिम बंगाल की छह, उड़ीसा की एक, झारखंड की एक और बिहार की दो लड़कियों को बरामद किया गया. मौके से सात आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया.मुक्त कराई गई लड़कियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें तंग और अंधेरे कमरों में रखा जाता था और जबरन अश्लील नृत्य करवाया जाता था. संचालक पुरुष सदस्यों के साथ भी उन्हें प्रताड़ित करते थे.
इससे पहले, 02 अगस्त को सहाजितपुर और बनियापुर में हुई छापेमारी में नेपाल की दो, पश्चिम बंगाल की चार, उत्तर प्रदेश की एक और बिहार की दो नाबालिगों को मुक्त कराया गया था. उस समय दो महिला संचालिकाओं और एक सहयोगी को गिरफ्तार किया गया था.यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग) की देखरेख में आपरेशन नया सवेरा और आवाज दो अभियान के तहत लगातार जारी है.सारण पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी महिला या लड़की के साथ इस तरह का शोषण हो रहा हो, तो आवाज दो हेल्पलाइन नंबर-9031600191 पर सूचना दें, ताकि समय रहते उन्हें बचाया जा सके.