सिटी पोस्ट लाइव
बक्सर। बक्सर-पटना फोरलेन पर बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई कल्याणपुर मोड़ के पास उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार को वाहन जांच के दौरान 12 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब से लदी एक पिकअप जब्त की। इस कार्रवाई में दो शराब तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जिन्हें शाम को जेल भेज दिया गया। मामले की प्राथमिकी जगदीशपुर उत्पाद थाना में दर्ज की गई है। इस छापेमारी से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
सहायक उत्पाद आयुक्त रजनीश को इस अवैध शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर विशेष टीम गठित कर छापेमारी और वाहन जांच का निर्देश दिया गया। जांच के दौरान पिकअप के डाले में रखे प्लाई के नीचे छिपाकर बनाए गए बॉक्स में भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। जब्त की गई शराब का बाजार मूल्य 12 लाख रुपये आंका गया है।
गिरफ्तार तस्कर और जब्त शराब
पुलिस ने पटना के दीघा निवासी विकास महतो और हरिशंकर कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जब्त शराब में विभिन्न ब्रांड की कुल 5136 बोतलें (951.96 लीटर) शामिल हैं। छापेमारी दल में निरीक्षक अजीत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार एवं सहायक अवर निरीक्षक जमिल अख्तर, सैप बल और होमगार्ड के जवान शामिल थे। इस कार्रवाई से शराब तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा असर पड़ा है और आगे भी उत्पाद विभाग की टीम द्वारा सख्त निगरानी जारी रहेगी।