सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के भोजपुर जिले से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक भोजपुरी नाच के दौरान देसी पिस्टल लहराते हुए नजर आ रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना उदवंतनगर थाना क्षेत्र के सखुआ गांव की है। भोजपुर के एसपी राज ने जानकारी दी कि गिरफ्तार युवक की पहचान दीपू कुमार के रूप में हुई है, जो सखुआ गांव का निवासी है। उसके पास से एक स्टार मार्क वाली देसी पिस्टल बरामद की गई है।
इस मामले में पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसपी के अनुसार, वायरल वीडियो में दीपू नाच के दौरान कभी स्टेज पर, कभी बाइक पर बैठकर पिस्टल लहराते और पिस्टल में नोट खोंसकर डांसरों को पैसे देते दिख रहा था।
उदवंतनगर थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश ने वीडियो की सत्यता की जांच के बाद गांव में छापेमारी कर दीपू को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके तकिए के नीचे से देसी पिस्टल बरामद की गई। पुलिस ने कहा है कि ऐसे हथियारों का प्रदर्शन कानून के खिलाफ है और इस तरह की हरकतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।