सिटी पोस्ट लाइव: बिहारशरीफ के धनेश्वर घाट मोहल्ले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने उस घटना के खिलाफ जोरदार विरोध मार्च निकाला, जिसमें एक निजी कोचिंग संस्थान के शिक्षक ने छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। यह मामला तब सामने आया जब आरोपी शिक्षक निर्मल कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह छात्र सनी कुमार को डंडे से पीटते और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहा है।
इस अमानवीय व्यवहार के खिलाफ ABVP के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर आवाज़ बुलंद की और शिक्षण संस्थानों में हो रहे शोषण के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की मांग की। मार्च में शामिल छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर “शिक्षा में शोषण नहीं सहेंगे”, “दोषी शिक्षक को सजा दो” जैसे नारे लगाए।
ABVP नालंदा के जिला संयोजक प्रतीक राज ने मीडिया से बातचीत में कहा, “इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि कुछ लोग शिक्षक की आड़ में बच्चों के साथ मानसिक और शारीरिक शोषण कर रहे हैं। पीड़ित छात्र सनी कुमार की हालत इतनी गंभीर है कि वह चलने-फिरने में भी असमर्थ है।”
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि ABVP ऐसे लोगों को बख्शने वाली नहीं है जो शिक्षा को व्यापार और डर का माध्यम बना रहे हैं। परिषद ने प्रशासन से मांग की कि आरोपी शिक्षक पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई हो और कोचिंग संस्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाए।
प्रतीक राज ने कहा, “यह आंदोलन सिर्फ एक छात्र के लिए नहीं है, बल्कि पूरे छात्र समुदाय की सुरक्षा और सम्मान के लिए है। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो हम उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।”
इस घटना ने एक बार फिर निजी कोचिंग संस्थानों की निगरानी और जवाबदेही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और छात्रों का कहना है कि शिक्षा के नाम पर डर और हिंसा का माहौल तैयार करना बेहद चिंताजनक है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है।