पटना में मैनपुरा गोलीकांड के बाद शव के साथ सड़क पर उतरे लोग : सरकार और प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल

Deepak Sharma

मुख्यमंत्री आवास से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर हुई वारदात ने कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी

सिटी पोस्ट लाइव
राजधानी पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र अंतर्गत मैनपुरा इलाके में बीती रात हुई दोहरे गोलीकांड की घटना के बाद आज इलाके में हालात तनावपूर्ण हो गए। इस वारदात में दो युवकों को गोली मारी गई, जिसमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

घटना से आक्रोशित हजारों स्थानीय लोग सुबह से ही सड़कों पर उतर आए और मृतक युवक के शव को बीच सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि यह वारदात मुख्यमंत्री आवास, राजभवन और बिहार सचिवालय से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर हुई है। इतना ही नहीं, घटना स्थल पुलिस स्टेशन से मात्र 1 किलोमीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद अपराधियों का खुलेआम गोली चलाना यह साबित करता है कि राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र कदम उठाने को मजबूर होंगे। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है और लोगों को समझाने की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अगर राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में भी जनता सुरक्षित नहीं है, तो फिर पूरे बिहार की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है। ऐसे में “सुशासन” के दावों पर गहरे सवाल उठना लाजिमी है।

Share This Article