सिटी पोस्ट लाइव
मोकामा: पूर्व बाहुबली विधायक अनंत सिंह को फिलहाल जेल में ही रहना पड़ेगा। उनकी जमानत याचिका पर गुरुवार यानी 30 जनवरी को कोर्ट में सुनवाई हुई, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पुलिस से मामले की केस डायरी मांगी। कोर्ट ने कहा कि बिना केस डायरी की जांच किए जमानत नहीं दी जा सकती है।
इस मामले में अनंत सिंह के वकील सुनील कुमार ने जमानत याचिका दायर की थी। यह मामला मोकामा के पंचमहला थाने में दर्ज कांड संख्या 4/2025 से संबंधित है, जिसमें आरोप है कि कुछ लोगों ने अवैध रूप से भीड़ जुटाकर गोलीबारी की और हत्या का प्रयास किया। इस घटना में अनंत सिंह, उनके प्रतिद्वंद्वी सोनू, मोनू सहित कुल 20 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
बता दें कि 22 जनवरी को मोकामा में हुई गोलीबारी में लगभग 10 से 20 राउंड गोलियां चली थीं। यह घटना तब हुई जब सोनू और मोनू ने मुकेश सिंह के घर पर ताला लगा दिया था। मुकेश ने अनंत सिंह से मदद मांगी, और बाद में अनंत सिंह ने अपने समर्थकों को भेजकर ताला खुलवाया, फिर खुद भी वहां पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें अनंत सिंह के एक समर्थक को गोली लगी। इस घटना के बाद मोकामा में तनाव फैल गया था।
वहीं 24 जनवरी को सोनू ने पुलिस के सामने सरेंडर किया, और अनंत सिंह ने भी बाढ़ कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। मोकामा के नौरंगा गांव में हुई गोलीबारी की घटना में अलग-अलग पक्षों ने विभिन्न दावे किए हैं। सोनू-मोनू ने अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। एक अन्य एफआईआर मुकेश सिंह ने दर्ज कराई थी, जिसमें सोनू-मोनू पर ताला लगाने का आरोप था। पुलिस ने भी अनंत सिंह पर आरोप लगाए थे, जिनमें पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शामिल थे। फिलहाल, अनंत सिंह, सोनू और मोनू सभी जेल में हैं।