सांसद पप्पू यादव ने गिरिराज सिंह के लिए इस्तेमाल किया ‘अपशब्द’, सोशल मीडिया पर भड़का लोगों का गुस्सा

Ritu Raj

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार की राजनीति में आए दिन होने वाली बयानबाजी अब व्यक्तिगत हमलों और निचले स्तर की टिप्पणियों तक उतर आई है। सोमवार, 12 जनवरी 2026 को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक ऐसा पोस्ट किया, जिसने सियासी गलियारों में भूचाल ला दिया है। पप्पू यादव ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर निशाना साधते हुए उनके नाम को लेकर एक अमर्यादित टिप्पणी की है।

क्या लिखा पप्पू यादव ने?
सांसद पप्पू यादव ने अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा— “गिरिराज सिंह का नाम आज से ‘सुअर सिंह’ किया जाता है। काम न धाम बस कीचड़ में लोटना है इनका काम। का हो सुअर सिंह।” पप्पू यादव की इस टिप्पणी ने न केवल बीजेपी कार्यकर्ताओं को आक्रोशित कर दिया है, बल्कि आम जनता के बीच भी उनकी इस भाषा की कड़ी निंदा हो रही है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

क्यों भड़के पप्पू यादव?
हालांकि, पप्पू यादव ने अपने पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्होंने यह भड़ास गिरिराज सिंह के किस बयान पर निकाली है। लेकिन माना जा रहा है कि गिरिराज सिंह द्वारा हाल ही में राहुल गांधी, ममता बनर्जी और विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ पर किए गए तीखे प्रहारों से पप्पू यादव नाराज थे। हाल ही में गिरिराज सिंह ने विपक्षी एकता की तुलना ‘बिखरे हुए संतरों’ से की थी और ममता बनर्जी को संविधान विरोधी बताया था।

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने लगाई क्लास
पप्पू यादव का यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गया, लेकिन उन्हें उम्मीद के उलट तीखी प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा है। रितेश राय नामक एक यूजर ने लिखा, “ये है एक नेताजी की भाषा… देख रहे हो विनोद, ये खुद को बड़ा नेता बताते हैं और सहकर्मी नेता के लिए कैसी भाषा बोल रहे हैं।” अधिकांश यूजर्स का कहना है कि वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन एक सांसद को अपनी गरिमा का ख्याल रखना चाहिए।

बढ़ सकती हैं मुश्किलें
बीजेपी के स्थानीय नेताओं ने संकेत दिया है कि इस अपमानजनक टिप्पणी के खिलाफ वे मानहानि का मुकदमा दर्ज करा सकते हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि पप्पू यादव का यह आक्रामक और अमर्यादित रुख उनकी छवि को नुकसान पहुँचा सकता है, विशेषकर तब जब वे खुद को ‘जनता का सेवक’ और शालीन राजनीति का पक्षधर बताते रहे हैं।

Share This Article