अररिया: चाय दुकानदार की गला रेतकर हत्या, नहर किनारे मिला शव, पुलिस जाँच में जुटी

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
अररिया।
नगर थाना क्षेत्र के जहांगीर बस्ती नहर के समीप उस वक्त सनसनी फैल गई जब स्थानीय लोगों को वार्ड नंबर 18 निवासी 40 वर्षीय मोहम्मद कलाम का शव नहर किनारे पड़ा मिला। मृतक मोहम्मद कलाम इलाके में चाय की दुकान चलाया करता था।
गला रेतकर की गई हत्या, शव फेंका गया नहर किनारे : पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला गला रेतकर हत्या का लग रहा है। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की नीयत से नहर किनारे फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस और DIU (डिस्ट्रीक्ट इंटेलिजेंस यूनिट) की टीम मौके पर पहुंच गई है और तफ्तीश शुरू कर दी गई है।
रात 9 बजे निकला था घर से, सुबह मिला शव : परिजनों के अनुसार, मोहम्मद कलाम बुधवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था। इसके बाद वह लौटकर नहीं आया। गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर के पास शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एएसपी का बयान: जल्द होगी गिरफ्तारी : इस मामले पर अररिया के एएसपी राम पुकार सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि
“हत्या के आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।”
इस निर्मम हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

Share This Article