सिटी पोस्ट लाइव
जहानाबाद, बिहार:
जिले में ATM से जुड़ी एक गंभीर धोखाधड़ी की घटना सामने आई है, जिसमें 68 वर्षीय बुजुर्ग मुंद्रिका सिंह को ठगों ने निशाना बनाकर उनके बैंक खातों से कुल ₹64,000 उड़ा लिए। यह घटना 6 मई को उस समय हुई जब श्री सिंह स्थानीय ATM से पैसे निकालने पहुँचे थे।
ATM पर मौजूद दो अज्ञात युवक “मदद” के बहाने श्री सिंह के पास आए और ATM कार्ड के इस्तेमाल में सहायता करने का नाटक किया। इसी दौरान चालाकी से उनका ATM कार्ड बदल दिया गया। बाद में, आरोपियों ने श्री सिंह के SBI खाते से ₹40,000 और PNB खाते से ₹24,000 निकाल लिए।
जैसे ही श्री सिंह के मोबाइल पर निकासी के मैसेज आए, उन्हें ठगी का संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत दोनों बैंकों और जहानाबाद थाना में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस ने इस पर कोई औपचारिक FIR दर्ज नहीं की और न ही जांच शुरू हुई है।
श्री सिंह ने जिला प्रशासन और पुलिस से आग्रह किया है कि इस मामले की तत्काल जांच कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाए। इस घटना ने इलाके में ATM और बैंकिंग सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।