सिटी पोस्ट लाइव
नवादा जिले के रजौली समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 100.88 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। और दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान तस्करों ने स्वीकारा कि यह खेप पश्चिम बंगाल के आसनसोल से लाई जा रही थी।
दरअसल, यह कार्रवाई मद्य निषेध विभाग के अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में नियमित वाहन जांच के दौरान की गई। इसमें टीम ने झारखंड नंबर (जेएच 01एक्स 9547) की शेवरले योवा कार को जांच के लिए रोका, जिसमें एक गुप्त तहखाना बना हुआ था। तलाशी लेने के दौरान उस तहखाने से भारी मात्रा में शराब की खेप बरामद की गई। जिसमें रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की की 24 बोतलें और ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की की 216 टेट्रा पैक और बडवाइजर प्रीमियम किंग बीयर की 88 कैन लीटर की विदेशी शराब जब्त की गई।
हालांकि, उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि तस्करों ने शराब को पश्चिम बंगाल के आसनसोल से खरीदा था और इसे बिहार में खुदरा बिक्री के लिए ला रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दानापुर (पटना) के नासरीगंज निवासी चंदन कुमार (29 वर्ष) और विकास कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। रजौली चेकपोस्ट पर झारखंड की ओर से आने वाले वाहनों की 24 घंटे सघन जांच के वाबजूद भी शराब की अवैध तस्करी हो रही है।