सिटी पोस्ट लाइव
पटना : गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रोहतास पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय वाहन लूट गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान सात अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से एक टाटा सूमो गोल्ड सहित सात मोटरसाइकिल और कई एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि काराकाट, दिनारा, अकोढ़ीगोला सहित कई थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में हुई वाहन चोरी की घटनाओं की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने नासरीगंज थाना क्षेत्र के दाउदनगर मोड़ के पास एक बंद ढाबे में छिपे गिरोह के सदस्यों को छापेमारी कर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान नीरज पासवान (भोजपुर), लव कुमार उर्फ विशाल (काराकाट), विरेंद्र राम उर्फ भैया राम (नासरीगंज), चिन्टू पासवान उर्फ जटा, सरोज कुमार उर्फ गुड्डा (कच्छवां), बेंकटेश शर्मा (इमादपुर, भोजपुर), और करण कुमार (नासरीगंज) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान इन अपराधियों ने कई लूट, चोरी और गोलीबारी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है, जिनमें 25 अप्रैल को मोटरसाइकिल लूट, 29 अप्रैल को सूमो गोल्ड की चोरी और एक अस्पताल से सामान चोरी शामिल हैं। इसके अलावा, इन्होंने 14 फरवरी को एक व्यवसायी को लूटने के प्रयास में गोली मारने की घटना में भी अपनी भागीदारी कबूल की है।
गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों और मामलों की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि इन अभियुक्तों पर विभिन्न थानों में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।