जहानाबाद में भीषण सड़क हादसा: सड़कों पर दौड़ रही मौत, सरकार देख रही “विकास” के सपने

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के जहानाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने बारात की खुशियों को मातम में बदल दिया। कन्नौदी रेलवे ओवरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार हाईवा ने बारात से लौट रही बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए हैं।

घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

बारात से लौट रही थी बस
बस में सवार सभी यात्री मसौढ़ी से बारात कर लौट रहे थे और अपने गांव लारा भारतसर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा गया की ओर से काफी तेज रफ्तार में आ रही थी, और अचानक सामने से आ रही बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री भीतर फंसे रह गए।

ओवरब्रिज पर मौत आम हो गई है
स्थानीय लोगों का कहना है कि कन्नौदी ओवरब्रिज दुर्घटनाओं का ‘हॉटस्पॉट’ बन गया है। यहां न तो साइन बोर्ड है, न ही गति सीमा का कोई संकेत, और न ही कोई ज़ेब्रा क्रॉसिंग या डिवाइडर व्यवस्था। तेज रफ्तार और गलत दिशा में चलने वाले वाहनों के कारण यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं।

हादसे के बाद जाम और हंगामा
घटना के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मौके पर पहुंची करोड़ों थाना पुलिस ने ट्रैफिक को सामान्य करने के प्रयास किए। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे की असल वजह का पता लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों की मांग: सुरक्षा इंतज़ाम हों स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस ओवरब्रिज पर जल्द से जल्द सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, जैसे स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड, चेतावनी बोर्ड और नियमित निगरानी। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो यह सड़क और भी ज्यादा ‘मौत का रास्ता’ बन जाएगी।

Share This Article