शेखपुरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑयल टैंकर की आड़ में हो रही थी शराब की तस्करी, 20 लाख की शराब जब्त

Deepak Sharma

सिटी पोस्ट लाइव
शेखपुरा जिले के चेवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑयल टैंकलॉरी की आड़ में हो रही शराब तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पेट्रोलियम टैंकर के जरिए झारखंड से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब पटना भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-333 ए पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया और चकंद्रा मोड़ के पास एक संदिग्ध टैंकलॉरी को रोका।

टैंकलॉरी की गहन तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए। जांच में पता चला कि शराब तस्करों ने तेल टैंकर के अंदर तीन तहखाने (छिपे हुए कक्ष) बना रखे थे, जिनमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब की बोतलें छिपाई गई थीं। पुलिस ने मौके से टैंकर के चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुश नोटिफिकेशन के लिए सब्सक्राइब करें।

पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी खुद मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि तस्करों की यह योजना काफी सुनियोजित थी और ऑयल टैंकलॉरी के भीतर छिपाए गए तहखानों में लगभग 200 कार्टून शराब छिपाई गई थी। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

एसपी ने कहा कि शराब तस्करों के इस नए तरीके से यह स्पष्ट है कि वे लगातार कानून को चकमा देने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं, लेकिन पुलिस हर स्थिति के लिए सतर्क और तैयार है। उन्होंने यह भी बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।यह कार्रवाई बिहार में शराबबंदी कानून के तहत की गई है, जो राज्य में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक अहम कदम माना जा रहा है।

Share This Article