सिटी पोस्ट लाइव
बिहार के मोतिहारी में रविवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और स्थानीय पुलिस ने एक खालिस्तानी आतंकी को गिरफ्तार कर राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आतंकी की पहचान कश्मीर सिंह गलवड्डी उर्फ बलबीर सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के लुधियाना का निवासी है। उस पर NIA ने ₹10 लाख का इनाम घोषित कर रखा था। उसे मोतिहारी के नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
सिंह पर आरोप है कि वह खालिस्तान लिबरेशन फ्रंट, बब्बर खालसा इंटरनेशनल और इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिशों में शामिल रहा है और लंबे समय से फरार था।

दर्ज मुकदमे और कानूनी धाराएं:
बलबीर सिंह के खिलाफ दर्ज मामले बेहद गंभीर हैं। भारतीय दंड संहिता (IPC): 120-बी (आपराधिक साजिश), 121 (भारत सरकार के विरुद्ध युद्ध), 121-ए (युद्ध छेड़ने की साजिश) , गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (UAPA): धारा 17, 18, 18-बी, और 38 इन धाराओं के तहत दोष सिद्ध होने पर उम्रकैद से लेकर मृत्युदंड तक का प्रावधान है।
चल रही है पूछताछ :
गिरफ्तारी के बाद एनआईए और मोतिहारी पुलिस की संयुक्त टीम बलबीर सिंह से पूछताछ कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि वह बिहार या पूर्वोत्तर राज्यों में आतंकी नेटवर्क को पुनर्गठित करने की कोशिश में था।सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान कई संवेदनशील जानकारियाँ और संभावित लिंक उजागर हो सकते हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर नजर इस गिरफ्तारी से यह स्पष्ट हो गया है कि खालिस्तानी आतंकी अब बिहार जैसे अपेक्षाकृत शांत राज्यों में भी शरण ले रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे ‘स्लीपर सेल नेटवर्क’ का हिस्सा मानते हुए जाँच का दायरा और बढ़ा दिया है। NIA अधिकारी का बयान”यह गिरफ्तारी खालिस्तानी नेटवर्क पर करारा प्रहार है। हम इससे जुड़े अन्य सहयोगियों और संभावित ठिकानों की जांच कर रहे हैं।” बिहार की सीमाएं नेपाल और बंगाल से सटी हुई हैं, जो आतंकी घुसपैठ और ट्रांजिट रूट के लिहाज से संवेदनशील मानी जाती हैं। हाल ही में गृह मंत्रालय ने भी बिहार सरकार को सख्त एडवाइजरी जारी की थी।