सिटी पोस्ट लाइव
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता और पावर स्टार पवन सिंह के आरा स्थित घर में देर रात चोरी की बड़ी वारदात हुई है। चोरों ने उनके मारुति नगर स्थित मकान को निशाना बनाकर वहां से कीमती जेवरात और नकदी चुरा ली। वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस हरकत में आ गई है।
सूत्रों के मुताबिक, चोरी की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल, पुलिस ने जल्द ही अपराधियों को पकड़ने का दावा किया है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पवन सिंह के घर पर हुई इस चोरी की घटना ने बिहार में बढ़ती चोरी की वारदातों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में पटना के वीवीआईपी क्षेत्र में भी चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक मुरारी प्रसाद गौतम के सचिवालय थाना अंतर्गत सरकारी आवास से पंखा, कूलर, गद्दे, टोंटी, तकिया और अन्य घरेलू सामान चोरी हो गए। इस मामले में उनके निजी सहायक ने 22 जून को प्राथमिकी दर्ज कराई है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से ऐसा प्रतीत होता है कि चोरों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस पर खुला चैलेंज दिया जा रहा है। पवन सिंह जैसे हाई-प्रोफाइल शख्सियत के घर में हुई चोरी से आम जनता की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।